कांग्रेस असम में सत्ता में आई तो घुसपैठियों को संरक्षण देने वाला कानून लाएगी: PM मोदी

बिस्वनाथ- 01 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को यहां एक चुनावी जनसभा में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो वह घुसपैठियों को संरक्षण देने के लिए कानून बनाएगी, जिसे भाजपा और उसके सहयोगी कभी लागू नहीं होने देंगे।

प्रधानमंत्री ने असम के बिस्वनाथ जिले में अपनी दूसरी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर विकास विरोधी, भ्रष्टाचार की जननी और राज्य की पहचान, सुरक्षा तथा सांस्कृतिक विरासत से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता के लिए असमिया अस्मिता को दांव पर लगाया और घुसपैठियों को मुख्यधारा में शामिल कर राज्य को नुकसान पहुंचाया।

मोदी ने कहा, “पूरा देश जानता है कि कांग्रेस विकास विरोधी है और आजाद भारत में भ्रष्टाचार की जननी बन चुकी है, लेकिन असम में कांग्रेस ने ऐसे पाप किए हैं, जिनकी कीमत यहां की जनता ने चुकाई है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के तहत अवैध कब्जों को बढ़ावा दिया, जिससे लाखों बीघा जमीन पर अतिक्रमण हो गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने इन अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हजारों बीघा जमीन मुक्त कराई है और राज्य की विरासत एवं पारिस्थितिकी को पुनर्स्थापित किया है। उन्होंने लाओखोवा और बुरहाचापोरी अभयारण्यों का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय यहां से गैंडे गायब हो गए थे, लेकिन अब उनके संरक्षण के प्रयासों से वे वापस लौट रहे हैं।

मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “कांग्रेस का सबसे बड़ा पाप घुसपैठियों को संरक्षण देना रहा है। अब वही कांग्रेस सत्ता में आने पर उन्हें बचाने के लिए कानून लाना चाहती है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा और एनडीए इस तरह के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देंगे।

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10-11 वर्षों में असम में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि आज असम के हाई-वे पर लड़ाकू विमान उतर रहे हैं, जो राज्य की बदली हुई तस्वीर को दर्शाता है।

उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे देश की पहली अंडरवाटर ट्विन ट्यूब सड़क और रेल सुरंग बनाई जाएगी, जिस पर करीब 18,662 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम कच्चे तेल के उत्पादन में नए रिकॉर्ड बना रहा है और वैश्विक संकट के बीच देश को ऊर्जा के क्षेत्र में मजबूती दे रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, पुल और रेल नेटवर्क से कृषि, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।

महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए मोदी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य असम में 40 लाख “लखपति दीदी” बनाना है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और आय बढ़ाने के लिए अभूतपूर्व काम हुआ है। उन्होंने बताया कि 22 लाख से अधिक परिवारों को पक्के घर दिए गए हैं और महिलाओं को घर की मालिक बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

भूमि अधिकारों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मिशन वसुंधरा के तहत 23 लाख से अधिक स्वदेशी परिवारों को जमीन का मालिकाना हक मिला है। उन्होंने इसे जनजातीय और वंचित समुदायों के लिए “सुरक्षा कवच” बताया और कहा कि यह सच्चा सामाजिक न्याय है।

चाय बागान श्रमिकों का मुद्दा उठाते हुए मोदी ने कहा कि बिस्वनाथ की पहचान चाय बागानों से है, लेकिन कांग्रेस ने दशकों तक इन श्रमिकों की उपेक्षा की। उन्होंने कहा कि 200 साल की मेहनत और परंपरा के बावजूद चाय बागान के श्रमिकों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा गया।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर इतिहास और विरासत के प्रति उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने स्वतंत्रता संग्राम के योगदान का श्रेय एक ही परिवार को देने की कोशिश की। उन्होंने कनकलता बरुआ और भूपेन हजारिका का उल्लेख करते हुए कहा कि असम की जनता उनके अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भूपेन हजारिका को भारत रत्न से सम्मानित किया, जबकि कांग्रेस ने इसका मजाक उड़ाया। साथ ही उन्होंने बाबू छविलाल उपाध्याय का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने ही नेताओं को भुला दिया, जबकि भाजपा ने उनके नाम पर इंजीनियरिंग कॉलेज का नामकरण किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम में बाढ़ और भूमि कटाव की समस्या से निपटने के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये की योजनाओं पर काम चल रहा है और अतिरिक्त 18,000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है।

रैली में मोदी ने मतदाताओं से रिकॉर्ड मतदान की अपील करते हुए कहा, “नौ अप्रैल को सभी मतदान रिकॉर्ड टूटने चाहिए। भाजपा-एनडीए का हर उम्मीदवार असम के विकास का सिपाही है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर राज्य में फिर भाजपा सरकार बनती है, तो असम और तेज गति से विकास करेगा।

Star News Bihar
Author: Star News Bihar

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें